तालाब में अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवरिया खुर्द व बरसवां गांव के सिवान स्थित तालाब में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने तालाब में शव उतराते देखा, जिसके बाद सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने आगे की विधिक कार्यवाही की।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष प्रतीत हो रही है। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ठंड लगने अथवा मछली पकड़ने के दौरान पैर फिसलने से तालाब में गिरने के कारण हादसा हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment