पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय शमशाबाद में दो दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता समारोहपूर्वक संपन्न
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय शमशाबाद भाग-1 में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता शुक्रवार को समारोहपूर्वक संपन्न हो गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के अध्यक्ष उमाकांत राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरसेना जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में कक्षा-1 से शुभम व अंशिका, कक्षा-2 व 3 से आत्रेय कृष्णन व अमृता, कक्षा-4 से मिथुन व सुनैना तथा कक्षा-5 से प्रिंस व रागिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता के कक्षा 4 व 5 वर्ग में मिथुन की टीम तथा कक्षा 1 से 3 के वर्ग में अनिकेत की टीम विजेता रही। बालिका वर्ग में रुपा की टीम प्रथम एवं रागिनी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं बालक-बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में बालक वर्ग ने जीत दर्ज की।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कविता पाठ, एकल व समूह नृत्य तथा भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार यादव, संचालन रामविलास यादव तथा धन्यवाद ज्ञापन इफ्तेखार अहमद द्वारा किया गया। इस अवसर पर राकेश कुमार, सुषमा मौर्या, एआरपी राकेश कुमार यादव, नीतू शर्मा, अविनाश ठाकुर, दुर्गविजय प्रसाद, मंशा देवी सहित अनेक अभिभावक व विद्यार्थीगण उपस्थित थे।




Post a Comment