स्कूल वैन रोककर छात्रा को जबरन ले जाने का प्रयास, भीड़ ने एक आरोपी पकड़ा; अपहरण प्रकरण में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े स्कूल वैन रोककर 16 वर्षीय छात्रा को जबरन ले जाने की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। सतर्क ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई। भीड़ ने एक आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लगभग 16 वर्षीय बालिका जो मुहम्मदाबाद गोहना स्थित एक स्कूल में पढ़ती है, गुरुवार 5 फरवरी को लगभग तीन बजे स्कूल वैन से घर लौट रही थी। इसी दौरान धर्मसीपुर स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के आगे खुरहट मार्ग पर आल्टो कार सवार कुछ लोगों ने वैन रुकवाकर छात्रा को जबरन उतार लिया। वैन चालक द्वारा परिजनों को सूचना देने पर परिवारजन व ग्रामीण तत्काल पीछा करते हुए भातकोल मुहम्मदाबाद के पास बाजार की भीड़ में कार को पकड़ने में सफल रहे। मौके से कुछ आरोपी भाग निकले, जबकि एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया। भीड़ की पिटाई में उसे चोटें भी आईं। पकड़े गए आरोपी की पहचान आजम खान निवासी नदवासराय थाना घोसी के रूप में हुई।
पीड़ित पिता की तहरीर पर थाना रानीपुर में मुकदमा संख्या 16/26 धारा 137(2), 87 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस छात्रा व आरोपी को थाने ले आई और मामले की जांच शुरू की गई। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस ने भातकोल बाजार से पहले वायरल मारपीट वीडियो से जुड़े अपहरण मामले में वांछित अभियुक्त आजम खान पुत्र खलिक खान निवासी नदवासराय थाना घोसी को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान कर दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment