कुंवर राज सिंह ने पास की सिविल सेवा परीक्षा, आईएएस बनने का सपना किया साकार
करहां (मऊ) : आजमगढ़ जनपद के प्रतिष्ठित गरुण होटल के मालिक एवं महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजेंद्र सिंह के परिवार के लिए गर्व का क्षण तब आया जब उनके पौत्र एवं ग्राम गुरेहथा निवासी राजीव सिंह (राजू सिंह) के सुपुत्र कुंवर राज सिंह ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बनने का सपना साकार कर दिया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव, क्षेत्र और जिले में हर्ष का माहौल है।
बताया जा रहा है कि कुंवर राज सिंह बचपन से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने पिता, दादा, गांव-क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से समाज के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है।
कुंवर राज सिंह की उपलब्धि पर महाराणा प्रताप सेना के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। प्रदेश महासचिव नागेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, सूर्यभान सिंह, वीरभद्र सिंह, मुहम्मदाबाद गोहना के ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह तथा तारकेश्वर सिंह ‘अजीत’ सहित अनेक लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने कहा कि कुंवर राज सिंह की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा और मेहनत के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


Post a Comment