बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना पर प्रशासन सख्त, समझाने के बाद लौटे लोग
मंडईया चट्टी पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापना की तैयारी, प्रशासन ने अनुमति न होने पर रोका
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मंडईया चट्टी के समीप रविवार सुबह अंबेडकर पार्क की जमीन पर प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना से प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अनुमति पत्र न होने पर प्रतिमा स्थापना रुकवा दी। बाद में समझाने-बुझाने पर प्रतिमा लेकर पहुंचे लोग शांतिपूर्वक वापस लौट गए। एहतियात के तौर पर मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना-मऊ मार्ग स्थित मंडईया चट्टी के पास बालचंद राजभर का मकान और खेत है। खेत के समीप अंबेडकर पार्क के लिए छोड़ी गई जमीन पर रविवार सुबह बशारतपुर गांव के कुछ लोग गाजे-बाजे के साथ डाक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने पहुंचे थे। इसकी सूचना खेत स्वामी बालचंद राजभर ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के.के. वर्मा एवं नायब तहसीलदार गौरव शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रतिमा स्थापना समिति से प्रशासनिक अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई वैध अनुमति नहीं दिखाई जा सकी। इस पर प्रशासन ने नई प्रतिमा स्थापित करने की कार्रवाई तत्काल रोक दी।
प्रभारी निरीक्षक के समझाने पर वहां मौजूद लोग बिना किसी विवाद के वापस लौट गए। हालांकि संभावित तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पीएसी तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रभारी निरीक्षक के.के. वर्मा ने बताया कि बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक स्थल पर नई प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। मामले में आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।

Post a Comment