ब्लॉक स्तरीय तर्ज पर कंपोजिट विद्यालय सुरहुरपुर में हुई मासिक परीक्षा
करहां (मऊ) : शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का नियमित आकलन करने के उद्देश्य से शनिवार को शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में ब्लॉक स्तरीय परीक्षा की तर्ज पर विद्यालय स्तरीय मासिक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
परीक्षा के दौरान विद्यालय के समस्त अध्यापकों की सक्रिय भागीदारी एवं बच्चों की संतोषजनक उपस्थिति सराहनीय रही। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। विद्यालय परिसर में अनुशासन और परीक्षा की पारदर्शिता देखने को मिली। इस दौरान एआरपी पवन कुमार गुप्ता ने परीक्षा का निरीक्षण किया।
प्रधानाध्यापक शशिभूषण राय ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से विद्यालय में प्रत्येक माह नियमित रूप से सुचिता पूर्ण परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित आकलन से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति का सही मूल्यांकन हो सकेगा और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देकर बच्चों की शिक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।




Post a Comment