पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित ट्रेलर पलटा, चालक गंभीर रुप से घायल
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। याकूबपुर गांव के समीप किलोमीटर संख्या 274.2 पर बालू से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा पलटा। हादसे में चालक गंभीर रुप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के मेहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गदीपुर निवासी सुरेश यादव बिहार से बालू लादकर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। सुबह करीब छह बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाते समय उन्हें अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रेलर पर से उनका नियंत्रण हट गया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक उसमें फंस गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चालक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस और यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने का कार्य शुरु कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था बहाल की जा सके। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।



Post a Comment