Top News

मोहर्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, नगर में 36 व कोतवाली क्षेत्र में 77 ताजियाएं होंगी स्थापित

मोहर्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, नगर में 36 व कोतवाली क्षेत्र में 77 ताजियाएं होंगी स्थापित

करहां (मऊ) : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार सायंकाल मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री तथा प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत वर्मा ने की। इसमें नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ताजियादारों, संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत वर्मा ने कहा कि केवल पारंपरिक रुप से स्थापित होने वाली ताजियाएं ही रखी जाएंगी। नई ताजिया स्थापित करने के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने ताजियादारों से ताजियाओं की सूची तथा मोहर्रम के कार्यक्रमों का विवरण लिखित रुप से उपलब्ध कराने को कहा।

सैयदवाड़ा निवासी मोहम्मद खान ने क्षेत्र में नीचे लटक रहे बिजली के तारों और नालियों पर पटिया न होने की समस्या उठाई। वहीं स्वराज शाह ने विजय चौक स्थित ताजिया स्थल पर नौवीं व दसवीं मोहर्रम के दौरान फैली रहने वाली गंदगी की शिकायत की। भूईलीपुर से सोहराब शाह व महरुपुर निवासी अबूजर मदनी ने नालियों पर पटिया सही ढंग से न होने की समस्या रखी। वलीदपुर क्षेत्र के लोगों ने हरिहर चाचा के मकान के पास सड़क किनारे रखी गिट्टी और बोरियां हटाने की मांग की। करहां क्षेत्र के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, पोल तथा बिजली आपूर्ति की समस्या उठाई, जबकि गंगाराम बगीचा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग की गई।

बैठक में बताया गया कि मुहम्मदाबाद गोहना नगर क्षेत्र में 36 तथा पूरे कोतवाली क्षेत्र में कुल 77 ताजियाएं स्थापित की जाती हैं। अधिकारियों ने सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने का आश्वासन देते हुए लोगों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत से भूषण यादव, रामबदन, लालजी वर्मा, खैराबाद के अबू हुरैरा, प्रधान अख्तर, अर्स आलम, नंदू सहित बड़ी संख्या में ताजियादार, गणमान्य नागरिक और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post