विधायक राजेंद्र कुमार ने किया कौशल विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ
•बदलते समय में युवाओं के हाथों में हुनर जरुरी : विधायक राजेंद्र कुमार
•यह प्रशिक्षण कौशल विकास के साथ प्रदान करेगा रोजगार : प्रबंधक प्रवीण राय
करहां (मऊ) : ब्रह्मर्षि श्रीरामकृष्ण सेवा ट्रस्ट रामनगर ख़ालिसा के तत्वाधान में बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन योजना के अंतर्गत नगरीपार में टेलीकाम प्रशिक्षण व हेल्थकेयर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होने वर्तमान समय में कौशल विकास के इस उपयोगी प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संचालक मंडल को शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के शुरुआत में मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन किया। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य सहित अनेक मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोंगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रबंधक प्रवीण राय व रामसरीख यादव ने सभी आगत गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण, पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार ने कहा कि बदलते तकनीकी समय में हमारे युवाओं के अंदर तकनीकी कुशलता की बेहद आवश्यकता है। यदि एकेडमिक शिक्षा के अलावा आज के युग में युवाओं के हाथों में कौशल नहीं होगा तो वह विकास की राह में पिछड़ जाएगा। इसलिए टेलीकाम के क्षेत्र में यह प्रशिक्षण अभियान युवाओं के हाथों में कौशल विकास के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने में उपयोगी सिद्ध होगा।
प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन योजना के तहत यहां टेलीकाम व हेल्थकेयर के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें नौकरी देने तक की व्यवस्था की गई है। इसलिए अधिक से अधिक युवा कौशल विकास व हेल्थकेयर का यह प्रशिक्षण प्राप्त कर देश के विकास में सेवाएं देते हुए अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन शबीब रिजवी ने किया। इस अवसर पर इशदत्त यादव, अनिल कुमार, बेचन यादव, राजकुमार, रजनीश राय सहित दर्जनों प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


Post a Comment