Top News

पशु चिकित्सक के मौत की सूचना पर पैतृक गांव में मातम

पशु चिकित्सक के मौत की सूचना पर पैतृक गांव में मातम

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बरबोझी गांव निवासी व गोरखपुर में रहने वाले पशु चिकित्सक परमात्मा सिंह उम्र करीब 45 वर्ष के निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। गांव पर उनके बुजुर्ग माता-पिता पारस सिंह व कुंती सिंह बेसुध हो गए। सूचना के बाद घर में ताला बंद कर वे गोरखपुर रवाना हो गए। मृतक की पत्नी सावित्री सिंह भी पशु चिकित्सक हैं और पति व बच्चों के साथ गोरखपुर रहती हैं। उनके दो बच्चे 12 वर्षीय अरिहंत व 7 वर्षीय बिन्नी का मां के साथ रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामवासियों के अनुसार डाक्टर साहब गांव कम आते थे लेकिन स्वभाव के बहुत ही सरल, गंभीर व मृदुभाषी थे। उनके जैसे सज्जन व्यक्तित्व के असमय और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से जाने से लोग हतप्रभ व शोकग्रस्त हैं।

बतादें कि गोरखनाथ क्षेत्र के बसंत इंक्लेव अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गुरुवार सुबह पशु चिकित्सक डा. परमात्मा सिंह ने कूदकर जान दे दी। परिजन उन्हें खून से लथपथ हालत में पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें जेल भेजी गई जालसाजी की आरोपित गरिमा सिंह का नाम लिखा है। डा. परमात्मा सिंह ने आठ दिन पहले एम्स थाने में गरिमा और गिरोह के विरुद्ध 1.40 करोड़ रुपये की ठगी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बरबोझी के रहने वाले थे और वर्तमान में गोरखनाथ के बसंत इंक्लेव के बी-213 ब्लाक में परिवार के साथ रह रहे थे। वह पेशे से पशु चिकित्सक थे और वर्तमान में महराजगंज जिले के एक ब्लाक में तैनात थे।

डा. परमात्मा सिंह ने पांच अगस्त को एम्स थाने में गरिमा और उसके गिरोह के विरुद्ध 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों में गरिमा के अलावा उसके सेवानिवृत्त रेलकर्मी पिता और शिक्षक पति समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस इस मामले में गरिमा और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

इस गिरोह के विरुद्ध अब तक एम्स थाने में तीन और सहजनवा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस छह मामलों की जांच कर रही है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि डा. परमात्मा सिंह ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। कमरे की तलाशी लेने पर सुसाइड नोट मिला है। उसमें गरिमा का नाम लिखा है। पुलिस सुसाइड नोट और ठगी के मुकदमे से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रही है।

पत्नी भी हैं पशु चिकित्सक-

डा. परमात्मा सिंह की पत्नी सावित्री सिंह भी पशु चिकित्सक हैं। दंपती अपने दो बच्चों, एक बेटा और एक बेटी के साथ बसंत इंक्लेव में रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गोरखनाथ थाना प्रभारी के अनुसार, सुसाइड नोट, ठगी के मुकदमे और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post