Top News

बसपा के नए जिलाध्यक्ष का हुआ स्वागत, संगठन को मजबूत करने पर जोर

बसपा के नए जिलाध्यक्ष का हुआ स्वागत, संगठन को मजबूत करने पर जोर

करहां (मऊ) : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर जय भीम कुमार को मऊ जिले का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर मंगलवार को उनका स्वागत किया गया। नगर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल के आवास मस्कन पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

जय भीम कुमार का जन्म छह फरवरी 1990 को हुआ। उन्होंने राजकीय पीजी कॉलेज मुहम्मदाबाद गोहना से बीए और एमए की शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2006 से बसपा से सक्रिय रूप से जुड़े जय भीम कुमार ने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्ष 2007 में बूथ अध्यक्ष, 2010 में सेक्टर अध्यक्ष, राजभर व विश्वकर्मा समाज में भाईचारा संयोजक, जिला प्रभारी, वर्ष 2017 में मुहम्मदाबाद विधानसभा प्रभारी, मुख्य मंडल प्रभारी और आजमगढ़ मंडल के जोन इंचार्ज समेत कई पदों पर रहते हुए उन्होंने पार्टी के लिए कार्य किया। अब उन्हें शैलेंद्र कुमार सिंटू के स्थान पर मऊ का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

स्वागत समारोह में जय भीम कुमार ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर टीम भावना से काम किया जाएगा। उनका लक्ष्य जिले में बसपा के संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अभी से व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू की जाएगी।

पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बसपा ने कठिन समय में उनका साथ दिया था। वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्ष के साथ पूरी निष्ठा से खड़े रहेंगे। वहीं मंडल प्रभारी व पूर्व जिलाध्यक्ष राजविजय ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने के लिए तेजी से काम करना चाहिए।

इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंटू, पूर्व जिलाध्यक्ष राजविजय, विधानसभा अध्यक्ष विनोद कुमार, रमेश चंद, कन्हैया कुमार, राहुल कुमार बागी, रवि पूर्वांचल, सभासद इस्माइल, नसीम, जफर, शफीक, गोरख सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post