Top News

नवागत सीडीओ का प्रधान संगठन ने किया स्वागत, डीएम से भी मिले पदाधिकारी

नवागत सीडीओ का प्रधान संगठन ने किया स्वागत, डीएम से भी मिले पदाधिकारी

करहां (मऊ) : जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में गुरुवार को राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने नवागत मुख्य विकास अधिकारी सीडीओ ध्रुव खाड़िया का स्वागत किया। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी रविंद्र राय की उपस्थिति तथा जिला प्रभारी काशीनाथ यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने की बधाई दी।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से सीडीओ को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासक व्यवस्था के दौरान ग्राम पंचायतों की ओर से भेजे जा रहे नए कार्यों को स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। साथ ही कुछ ग्राम विकास अधिकारियों पर प्रधानों द्वारा कराए गए कार्यों के भुगतान में कथित रूप से हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ मामलों में प्रधानों को जानकारी दिए बिना भुगतान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे प्रधानों में नाराजगी है। संगठन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

इसके बाद संगठन के पदाधिकारी जिलाधिकारी से भी मिले और ग्राम पंचायतों से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके निराकरण की मांग की। कार्यक्रम के अंत में रतनपुरा ब्लाक अध्यक्ष पारसनाथ यादव की पत्नी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्माशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष मु. मन्नान, जिला उपाध्यक्ष उमेश यादव, रामाश्रय भारद्वाज, जिला महासचिव बृजेश सिंह बागी, लल्लन यादव, कमलेश यादव, ब्लाक अध्यक्ष प्रवीण कुमार, डब्लू राजभर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post