Top News

महिला चिकित्सिका ने शुरू किया पौधरोपण का अभियान

महिला चिकित्सिका ने शुरू किया पौधरोपण का अभियान

करहाँ (मऊ) : प्रति वर्ष लगातार बढ़ती जा रही गर्मी, तपन, उमस और भूमिगत जल की कमी को दूर करने के लिए मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत करहाँ बाजार स्थित डाक्टर हंसनाथ सिंह सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में चल रहे प्रमोद जनकल्याण हास्पिटल की महिला चिकित्सिका डाक्टर ममता सिंह ने पौधरोपण का अभियान शुरू किया है। उनके द्वारा अनेक चिंतनशील लोंगो को नीम का पौधा वितरित किया जा रहा है एवं खुद एवं विभिन्न लोंगो की मदद से पौधरोपण कर उसे संरक्षित व संवर्धित करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

पौधरोपण की मुहिम शुरू किये जाने के बारे में उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष भारत देश का औसत तापमान बढ़ता जा रहा है जो आने वाली पीढ़ियों के जीवन यापन के लिए दिक्कतों भरा होगा। इसी के साथ भूमिगत जल का स्तर भी तेज गति से गिर रहा है। इससे मनुष्य सहित पशु पक्षियों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। इसे दूर करने के लिए ए.सी. व कूलर की नहीं बल्कि वृक्षों की आवश्यकता है। बढ़ती जनसंख्या के बोझ से पेड़ काटे जा रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए अति आवश्यक हैं।

बताया कि वनस्पतियों के कम होने से अनेक रोग भी उत्पन्न हो रहे हैं जिससे भविष्य में एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती उभरकर सामने आ रही है। इन सारी समस्याओं के निराकरण का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पौधरोपण करना ही है। मेरे द्वारा प्रकृति संरक्षण का एक छोटा सा प्रयास शुरू किया गया है जो अब लगातार जारी रहेगा। लोंगो से आग्रह है कि विभिन्न अवसरों को यादगार बनाने के लिए पौधे लगाएं एवं उसे सुरक्षित रखने का भी पूरी तरह से प्रयास करें, ताकि देश का भविष्य अच्छा हो।

इस अभियान के तहत अस्पताल में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों के परिजनों को इस खुशनुमा पल को यादगार बनाने के लिए एक-एक पौधा रोपित करने के लिए दिया जा रहा है। साथ ही अस्पताल से ठीक होकर घर जा रहे मरीजों को भी पौधा दिया जा रहा है। चूंकि बरसात शुरू हो गयी है और यह समय पौधरोपण का सबसे मुफीद समय होता है इसलिए इस समय यह अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। अबतक माहपुर, लग्गूपुर, घुटमा, दरौरा, करहाँ आदि गाँवों में पौधरोपण किया गया है। इसे और अधिक विस्तार देकर करहाँ परिक्षेत्र के सभी 42 गाँवों में पहुचाने का प्रयास है।



Post a Comment

Previous Post Next Post