करवाचौथ पर महिलाओं ने की आभूषण, वस्त्र व श्रृंगार आदि सामग्रियों की खरीददारी
करहां (मऊ) : करवा चौथ के मद्देनजर बाजारों में महिलाओं की भीड़ बढ़ गई। महिलाएं लाल रंग के लहंगे, साड़ी व शूट, श्रृंगार सहित आभूषणों के सामानों की जमकर खरीदारी कीं। इसके अतिरिक्त पर्व के मद्देनजर करवा, सजावट वाली चलनी, सजा-सजाया चलनी सहित पूजन थाली, पूजन सामग्री व चढ़ाने के सामानों की दुकानें सज गई हैं। ब्यूटी पार्लरों में सुहागिन महिलाओं की मेहंदी लगवाने व मसाज आदि कराने के लिए भीड़ लगी हुई है।
करहां, मुहम्मदाबाद व मऊ कस्बा स्थित लहंगा व साड़ी व्यवसायियों ने बताया कि पर्व पर लाल रंग के कपड़ों का ज्यादा महत्व होता है। इसलिए लाल रंग का लहंगा, शूट व साड़ी सभी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। बताया कि लहंगे में
चुनरी लहंगा, घाटचोला लहंगा व पटोला लहंगा इनमें लाल रंग के सभी लहंगों की बिक्री तेज है। महिलाएं चार हजार से लेकर 50 हजार तक के लहंगे व लाखों के गहने खरीद रही हैं। इसके साथ ही साड़ियों में सिल्क, चुनरी, प्योर क्रैव, डोला की साड़ियां भी महिलाएं लाल रंग ही पसंद कर रही है। बताया कि इससे महिलाओं का न केवल करवा चौथ बल्कि आने वाले मांगलिक आयोजनों में शामिल होने के उद्देश्य से खरीद रही हैं। श्रृंगार के सामानों में सजावटी व पति के साथ अपनी फोटो लगे चूड़े व चूड़ियों की जमकर खरीददारी कर रही है। शहर के सहादतपुरा स्थित अली बिल्डिंग के अंदर व बाहर में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ बनी हुई है।
रात्रि सात चालीस के बाद है पूजन का समय पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिन महिलाओं द्वारा किया जाने वाला करवा चौथ के पूजन का समय रात्रि 7.40 बजे के बाद है।
करवा चौथ के लिए पार्लर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बुकिंग करा रखी है। सभी ने अपने-अपने बजट व त्वचा के रंग के हिसाब से पैकेज चुना है। नियमित ग्राहकों को घर पर भी मेकअप व श्रृंगार कराने की सुविधा दी जा रही है। शीतला मंदिर के प्रधान पुजारी दीपक महाराज ने बताया कि रात्रि 7.40 बजे पर चंद्रोदय होने के पश्चात महिलाएं पूजन-अर्चन व दान पुण्य कर पति की शक्ल देखने के साथ ही उनके हाथ से जल ग्रहण कर सकती है।


Post a Comment