कथा से देश, समाज व परिवार का होता है कल्याण : भूपेंद्र दास
करहां (मऊ) : क्षेत्र के शमशाबाद में चल रही रुद्र महायज्ञ में भूपेंद्रदास महाराज ने रामकथा के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि संतो का सानिध्य व कथा श्रवण से भगवान की भक्ति में अनुराग बढ़ता है तथा जीवन पवित्र हो जाता है। कथा से देश, समाज व परिवार सबका कल्याण हो जाता है और मानव की आध्यात्मिक उन्नति हो जाती है।
भूपेंद्रदास ने बताया कि प्रभु श्रीराम की कथा को शिवजी ने माता पार्वती को सुनाया। उन्होंने भगवान राम की कृपा महिमा का गुणगान किया। कहा कि राम परमार्थ स्वरूप हैं, जिन्हें अनुभव किया जा सकता है, लेकिन उन्हें पूरी तरह से समझा नहीं जा सकता। वे अलौकिक, अनादि और अद्वितीय हैं, और वे सभी विकारों से परे भी हैं। रामकथा ऐसी है जो हमें जीवन जीने की कला सिखाती है और हमें सदाचार, कर्तव्य और मर्यादा जैसे मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित भी करती है।
इसके पहले सुबह वेदी पूजन व हवन उपरांत नवनिर्मित मंदिर में शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा हेतु विग्रहों का गांव भ्रमण कराया गया। गाजे-बाजे, ध्वज-पताके, घरी-घंट सहित श्रद्धालुभक्त साथ-साथ जयघोष करते हुए चल रहे थे। इस अवसर पर रामकृष्णदास, नारायण दास, कपिलदेव शास्त्री, रामनारायण गुप्ता, संतोष तिवारी, कमलेश सरोज, उषा देवी, अजय सरोज, दिनेश कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुगण उपस्थित थे।

Post a Comment