अनियंत्रित बोलेरो विवाहिता को घायल कर सड़क किनारे उतरी
करहां (मऊ) : रानीपुर थाने के नईबाजार दरौरा में गुरुवार सुबह एक अनियंत्रित बोलेरो विवाहिता को घायल करते हुए सड़क किनारे उतर गई। इस दौरान सड़क किनारे खेल रहे आधा दर्जन बच्चे बाल-बाल बच गए, अन्यथा एक बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचित कर बुलाया और पुलिस गाड़ी लेकर थाने चली गयी। ग्रामीणों ने बताया कि चालक व उसका साथी नशे में थे औऱ बिना कोई मुख्य मार्ग के गांव के रास्ते अल्देमऊ जाने को बोल रहे थे।
सुबह सवा सात बजे के करीब मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग से नईबाजार स्थित मुस्लिम बस्ती की तरफ तेज रफ्तार बोलेरो संख्या यूपी61एम4001 ने नवविवाहिता मैनुद्दीन अंसारी की बहू 21 वर्षीय इस्मा परवीन पुत्री इकरामुद्दीन अहमद को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खेतो में उतर गई। किनारे बिजली के खंभे से रुककर गाड़ी पलटने से बच गयी अन्यथा चालक और उसके साथी भी घायल हो जाते। इस दौरान सड़क किनारे खेल रहे आधा दर्जन बच्चे बोलेरो की चपेट में आने से बच गए।
तेज आवाज सुन मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से नशे में धुत्त चालक व उसके साथी को गाड़ी से बाहर निकाला। ग्राम प्रधान मोहम्मद अशफ़ाक ने डायल 112 को सूचना देकर पुलिस बुलाया और घायल विवाहिता को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित एक निजी हड्डी अस्पताल में इलाज हेतु भेजवाया। पुलिस चालक सहित गाड़ी को लेकर आवश्यक कार्यवाही हेतु थाने ले गयी।

Post a Comment