अच्छी बारिश हेतु प्राचीन शिवजी का किया गया दुग्धाभिषेक
करहां (मऊ) : सावन के तीसरे सोमवार को अच्छी बारिश हेतु करहां परिक्षेत्र के भतड़ी गांव और गढ़वा किले के बीच स्थित अति प्राचीन शिवजी का दुग्धाभिषेक किया गया। लोकसभा घोसी के निवर्तमान प्रत्याशी रहे गांव निवासी रामनरेश यादव व सेवानिवृत्त शिक्षक पतिराज यादव के नेतृत्व में उत्साही नौजवानों ने इस प्राचीन शिवलिंग को दूध में डुबा दिया और ढोल-मजीरा के साथ कीर्तन-भजन कर महादेव को जगाने की प्रार्थना की।
रामनरेश यादव ने कहा कि जिस बारिश की अभिलाषा में हम लोंगों ने दुग्धाभिषेक किया, वह महादेव ने आज ही शुरु कर दिया। हम सभी को पूर्ण विश्वास है कि महादेव के आशीर्वाद से हमारे गांव सहित पूरे बयालिस में इस साल बारिश की कमी दूर होगी और आमजन और किसान खुशहाल होंगे।
उन्होंने शासन प्रशासन से मांग किया कि उक्त महादेव बहुत ही प्राचीन व जाग्रत महादेव हैं। गढ़वा किले, रामजानकी मंदिर, मौनी बाबा कुटी, चौबाह बाबा मंदिर सहित इस स्थान का कायाकल्प और सुंदरीकरण होना चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग किया कि हमारे गांव को भी गुरादरी, देवलास व बरहदपुर कुटी जैसे ग्रामीण पर्यटक स्थल घोषित किया जाय।


Post a Comment