सड़क दुर्घटना में नौजवान की मौत, परिजनों में कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के चलिसवां पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दोपहर 01 बजे के करीब सड़क पार कर रहे वृद्धा को बचाने के चक्कर में बाइक सवार 28 वर्षीय नौजवान गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोंगो की सूचना पर आनन फानन में उसे एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विदेश में कार्यरत परिवार के कमाऊ युवक की मृत्यु से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित देवकली तारन गांव निवासी नूर आलम पुत्र स्वर्गीय नसीम अहमद सोमवार को सुबह आजमगढ़ से अपने घर वापस आ रहा था। इस बीच दोपहर 01 बजे आजमगढ़-मुहम्मदाबाद गोहना रोड पर चलिसवां पेट्रोल पंप के पास एक वृद्धा सड़क पार कर रहा था। वृद्ध को बचाने के चक्कर में वह बाइक सहित अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इससे नूर आलम के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दिया और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक सऊदी अरब देश में किसी निजी फर्म में काम करता था। दो माह पूर्व अवकाश पर वह घर आया था। पांच भाइयों में वह दूसरे नंबर पर था और मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के नौजवान और कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा फैला हुआ है। सबका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस विधिक कार्यवाही में लगी है।

Post a Comment