Top News

नगपुर की 40 वर्षीय रामलीला का सोमवार को होगा मुकुट पूजन

नगपुर की 40 वर्षीय रामलीला का सोमवार को होगा मुकुट पूजन

•मंगलवार से प्रारंभ होगा मंचन, दशहरा को होगा रावण दहन

•करहां से प्रभावित होकर 1986 में शुरु हुई रामलीला

करहां (मऊ) : आदर्श श्रीराम लीला समिति नगपुर का सुनहरा रंगमंच मंगलवार से रामलीला के लिए प्रस्तुत होने जा रहा है। मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड व रानीपुर थाना अंतर्गत नगपुर में रामलीला की भव्य परंपरा का इतिहास 40 वर्षों पुराना है 1986 में ग्राम निवासी अरविंद कुमार त्रिपाठी, सुरेंद्र यादव, प्रभुनाथ राम, सत्येंद्र लाल श्रीवास्तव आदि ने इसकी शुरुआत की थी। अरविंद कुमार त्रिपाठी इसके पहले अध्यक्ष बने। इन लोंगो ने करहां की पुरानी रामलीला के मंचन से प्रभावित होकर अपने गांव में शुरुआत की थी। सेवानिवृत्त लेखपाल प्रभुनाथ राम प्रारंभिक अवस्था से लेकर अबतक सक्रिय रूप से रामलीला आयोजन में लगातार लगे हुए हैं। प्रारंभ करने वाले लोग काफी शिक्षित, अभिनय प्रतिभा के धनी एवं प्रतिष्ठित परिवार से रहे जिन्होंने उच्च आदर्श के साथ नगपुर की इस गरिमामयी रामलीला को कई सालों तक आगे बढ़ाया। आज भी क्षेत्रीय लोगों को पुराने पात्रों की अभिनय की याद करते हैं और अंगद व जामवंत जैसे कुछ पात्रों को तो इनके निभाये किरदार के नाम से आज भी बुलाया जाता हैं।

शुरुआती कलाकारों में राजकुमार तिवारी, निरहू मौर्य, अरविंद कुमार त्रिपाठी, प्रभुनाथ राम, सुरेंद्र यादव सत्येंद्र लाल श्रीवास्तव, अनिल कुमार त्रिपाठी, सुधीर लाल श्रीवास्तव, किशुन चौहान, प्रकाश मौर्या, अशोक कश्यप, त्रिलोकी नाथ श्रीवास्तव, शेषनाथ यादव, प्रकाश चौरसिया, रामकरन यादव, वीरेंद्र मद्धेशिया, रामनरेश यादव, दिनेश मौर्य, झूरी चौहान, नागेंद्र लाल श्रीवास्तव, प्रेम जायसवाल, महेंद्र यादव, अखिलेश त्रिपाठी, गोपाल जायसवाल, संतोष कुमार त्रिपाठी, राधेश्याम गुप्ता, पंकज कुमार त्रिपाठी, अजीत प्रताप सिंह, स्वर्गीय राजेंद्र यादव, हितेंद्र त्रिपाठी, बाबूलाल यादव, शरद त्रिपाठी, महातम मौर्या, हरेंद्र यादव आदि पात्रों की अभिनय की चर्चा श्रद्धापूर्वक की जाती है।

हालांकि कुछ समय के लिए उक्त रामलीला का मंचन बंद हो गया था, जिसे लखनऊ में रहने वाले ग्रामनिवासी पंकज विधि प्रवाह के संचालक व सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता पंकज कुमार त्रिपाठी सहित अन्य सहयोगियों ने पुनः प्रयास कर शुरु करवाया। समय के साथ रामलीला ने नित्य नया कलेवर बदला और नए नियमों के क्रम में यह रामलीला प्राथमिक विद्यालय के बगल से हटकर नगपुर-महमूदपुर स्थित मुहम्मदाबाद गोहना से चिरैयाकोट मार्ग के किनारे आयोजित हो रही है। रामलीला समिति के संचालकों ने बताया कि इस बार सोमवार को रामलीला स्थल पर भूमि पूजन, सुंदरकांड के पाठ के साथ मंच निर्माण व मुकुट पूजा की जाएगी। मंगलवार से विधिवत रामलीला का मंचन शुरु हो जाएगा। दशहरा के दिन झांकी निकलेगी एवं रावण वध सहित रावण दहन की लीला होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post