Top News

बीएसआरके कौशल विकास संस्थान रामनगर खालिसा में आयोजित हुई संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह

बीएसआरके कौशल विकास संस्थान रामनगर खालिसा में आयोजित हुई संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह

•कौशल प्रशिक्षण और शिक्षा से सशक्त होगा आत्मनिर्भर भारत : अरुण कुमार यादव

•प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ कार्यक्रम

•दूरसंचार क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और कौशल विकास पर दिया गया जोर

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय तहसील क्षेत्र के रामनगर खालिसा स्थित ब्रह्मर्षि श्रीराम कृष्ण सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित बीएसआरके कौशल विकास संस्थान में टेलीकॉम उद्यमियों के लिए संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। संस्थान के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मड़हा पट्टी जयभीम कुमार ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री कौशल विकास मिशन सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और युवाओं से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि राजकीय आईटीआई मऊ के प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा शिक्षा और कौशल को अपनी ताकत बनाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जो युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार दोनों के अवसर प्रदान करता है।

इस दौरान बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने दूरसंचार क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं तथा संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षित विद्यार्थियों के लिए कैम्पस प्लेसमेंट की भी व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया। संचालन मोहम्मद शबीब रिजवी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण कुमार राय ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सुनील यादव, जयप्रकाश पाल, बब्बन यादव, अधिवक्ता हाईकोर्ट अभिषेक राय, उपनिरीक्षक संजय राय, प्रधानाचार्य रजनीश राय, एटीएम सर, रामभजन यादव, उमेश चंद, कैलाश यादव सहित विभिन्न आईटीआई कॉलेजों के प्रबंधक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post