आटो की टक्कर से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
•पुत्र ने चालक के विरुद्ध दर्ज कराया केस
•सुबह टहलने के दौरान हुआ था हादसा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के भैंसहा मालव गांव निवासी 65 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति सोमवार की अलसुबह टहलने के दौरान एक टेम्पो के धक्के से गंभीर रुप से घायल हो गए थे। आजमगढ़ जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मंगलवार की देर शाम उनका निधन हो गया। मृतक के पुत्र ने टेम्पो चालक के विरुद्ध बुधवार को केस दर्ज कर कार्यवाही की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी चांनदीप पुत्र मानकी नित्य की भांति टहलने के लिए भोर में घर से निकले। सोमवार सुबह 05:30 बजे के करीब जैसे ही वह मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग के टड़वा चौबेपुर स्थित भांटीकला मोड़ के पास पहुंचे कि एक आटो रिक्शा चालक उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। इससे उन्हें सर में गंभीर चोट आ गई और वे बेहोश हो गए।
सूचना पाकर स्वजन उन्हें आनन-फानन में आजमगढ़ सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले गए। वहां इलाज के दौरान मंगलवार की देर शाम 07:45 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार शाम अंत्य परीक्षण के बाद उनका शव घर लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया। उनकी विधवा पत्नी, तीन विवाहित पुत्र, तीन पुत्रियां व उनके परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल था। ग्रामीणों के मुताबिक चांनदीप बहुत ही स्वस्थ्य, हंसमुख व मिलनसार स्वभाव के धनी थे। उनकी आकस्मिक मौत से जहां पूरे गांव में मातम पसरा हुआ था, वहीं भैंसहा चट्टी की सभी दुकानें बंद कर दी गईं थीं। देर रात उनका अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित शवदाह गृह पर किया गया।
इस विषय में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा ने बताया कि इस संबंध में तहरीर के आधार पर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।



Post a Comment