Top News

कोठिया धाम में ब्रह्म गायत्री महायज्ञ संपन्न, आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया ने किया श्रद्धालुओं का सम्मान

कोठिया धाम में ब्रह्म गायत्री महायज्ञ संपन्न, आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया ने किया श्रद्धालुओं का सम्मान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्रसिद्ध तीर्थस्थल कोठिया धाम में चल रहे पंचदिवसीय ब्रह्म गायत्री जप महायज्ञ का बुधवार को विधिवत पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए हवन, तर्पण और मार्जन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और पारंपरिक मेले का आनंद लिया।

यज्ञाचार्य पंडित सुदामा पांडेय ने बताया कि 11 से 15 अक्टूबर तक चले इस महायज्ञ में आठ लाख ब्रह्म गायत्री मंत्रों का जप संपन्न हुआ। मुख्य यजमान भदीड़ निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक सिंह रहे। यह परंपरा ब्रह्मलीन संत ब्रह्मर्षि रामकृष्णजी महाराज की स्मृति में निरंतर जारी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन तप, साधना और परोपकार को समर्पित किया। पुजारी भोला शुक्ला ने कहा कि जप यज्ञ ही सर्वश्रेष्ठ यज्ञ है, जिसके माध्यम से जीवन में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि संत रामकृष्णजी महाराज का जीवन वैदिक शिक्षा और तपश्चर्या का जीता-जागता उदाहरण था।

समापन अवसर पर पहुंचे भदीड़ निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया ने यज्ञ स्थल पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिकता, संस्कार और एकता का संदेश देते हैं। भव्य मेले में हजारों की भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा और उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने संभाली। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर ब्रह्म गायत्री के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर भोला शुक्ला, चन्द्रविजय सिंह, साधु यादव, हरिचरन पांडेय, प्रवीण कुमार राय, प्रणव कुमार चतुर्वेदी, मुन्ना यादव, मन्नू चौबे, शिवम मिश्र, स्वतंत्र सिंह, डॉ. सादिक, जयप्रकाश मिश्र, पुनीत सिंह, चंडी तिवारी, अभिषेक सिंह टिंकू, रौशन चौबे, शशि प्रताप, लव चतुर्वेदी समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post