Top News

खंड शिक्षाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश, कल से शुरु होगा निरीक्षण

खंड शिक्षाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश, कल से शुरु होगा निरीक्षण

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के समस्त प्रधानाध्यापकों व शिक्षा संकुलों की एक आवश्यक बैठक गुरुवार की शाम पब्लिक बालिका महिला शहर डिग्री कालेज बरामदपुर में आयोजित हुई। खंड शिक्षा अधिकारी ओ.पी. तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडा के अनुसार स्कूलों को शत-प्रतिशत एमडीएम व बच्चों की उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने पर विशेष बल दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कल से प्रत्येक विद्यालय का स्वयं निरीक्षण किया जाएगा।

बैठक में उनके द्वारा निर्देशित किया गया कि समय सारणी के अनुसार सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हों। बच्चों से आलेख, सुलेख तथा हिंदी और अंग्रेजी में दैनिक अभ्यास करवाने की बात कही गई। साथ ही बताया कि इसका नियमित आकलन भी किया जाएगा। विद्यालयों में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बीईओ ने कहा कि विभागीय आदेशों एवं निर्देशों को सभी प्रधानाध्यापक नियमित रूप से पढ़ें और उन पर कार्य सुनिश्चित करें। सत्र परीक्षा की सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शीघ्र पूर्ण कर परिणाम तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद एक सप्ताह के भीतर प्राथमिक स्तर पर भाषा और गणित ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें टाप-10 बच्चों को ब्लाक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही डीबीटी पेंडेंसी को तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में शिक्षा क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक एवं संकुल शिक्षक मौजूद रहे। प्रमुख रूप से राजेश मिश्रा, राजेश कुमार, स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, वंशराज प्रसाद, धनंजय कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रतिमा राय, उषा यादव, विमल सिंह, मदन कुमार, फहद अहमद, संतोष सिंह, शमीम अंसारी, सुनील यादव, हिमांशु विक्रम सिंह, आकाश तिवारी व अवनीकांत राय आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post