ईश्वर व पूर्वजों के आशीर्वाद से मिलती है श्रीमद्भागवत कथा : गया प्रसाद पाठक
करहां (मऊ) : स्थानीय करहां गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को मंडप प्रवेश, वेदी पूजन, समिधा निवेदन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। सायंकाल की कथा में कथाप्रवक्ता ज्योतिषाचार्य पंडित गया प्रसाद पाठक ने भागवत कथा की महत्ता पर प्रकाश डाला। कहा कि जब जन्म जन्मांतर के पुण्य फल उदित होते हैं तथा ईश्वर व पूर्वजों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है, तब श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है। वह व्यक्ति निश्चित ही पुण्यात्मा होगा, जिसे इस कथा के करने और सुनने का अवसर मिलता है।
कथा विस्तार करते हुए गया प्रसाद पाठक ने कहा कि यह सारा कुछ पूर्वजों के आशीर्वाद एवं मां भगवती की असीम कृपा से फलित होता है। श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव 21 पीढ़ी के पितरो को शांति प्रदान करती है। इस कथा का जो आयोजक होता है, वह भी और जो सुनता है वह भी दोनों महान पुण्य के भागी बनते है। कहा कि कभी भी हमें देव एवं पितृ कार्य में प्रमाद नहीं करना चाहिए। 'देव पितृ कार्यम न प्रमतव्यम।'
आप सभी बड़े भाग्यवान और पुण्यवान हैं जो भगवान योगेश्वर कृष्ण की अतिप्रिय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ कथा का फल प्राप्त किये हैं। ऐसे आयोजन का संकल्प, श्रवण एवं वरण करने वाले सभी मोक्ष को प्राप्त करते हैं। इसलिए आप सभी इस कथा प्रसाद के साक्षी बने हैं। इस अवसर पर मुख्य यजमान सपत्निक पद्मिनी व सुधीर सिंह, रेनू देवी, वासुदेव मौर्य, गीता देवी, राहुल सिंह, रामधनी प्रजापति, दुर्गा देवी, रोशन तिवारी, अजय सिंह सैलाबी देवी, रमन कुमार, ऋचा सिंह, विजय कुमार, भूपेंद्र सिंह, अवधेश कन्नौजिया, उर्मिला प्रजापति सहित दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे।




Post a Comment