मुख्य सप्लाई का तार व खंभा टूटने से 33 घंटे बाधित रही आपूर्ति, जनजीवन अस्त-व्यस्त
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के करहां-जमुई 33/11 विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांव सोमवार सुबह से ही अंधेरे में डूबे रहे। क्यामपुर गांव के पास मुख्य एचटी लाइन का तार और खंभा टूट जाने से करहा क्षेत्र के 30 से अधिक गांवों में लगभग 33 घंटे तक बिजली पूरी तरह बाधित रही, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
अघोषित कटौती पहले से ही परेशान कर रही थी, ऊपर से लंबा ब्लैकआउट होने से किसानों, व्यापारियों और छोटे दुकानदारों की परेशानी और बढ़ गई। गेहूं की सिंचाई न हो पाने से किसान खासे चिंतित रहे, वहीं दिन में मुश्किल से चार घंटे मिल रही बिजली से दुकानदारों, वेल्डिंग व सर्विसिंग सेंटर संचालकों सहित सभी वर्ग प्रभावित रहे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिकायत करने पर जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे थे। कई अधिकारियों के मोबाइल बंद होने से लोगों में रोष व्याप्त रहा। करहां, जमुई, सद्धोपुर, चकजाफरी, देवसीपुर, मालव, शमशाबाद, सैदपुर, सुरहुरपुर, भांटीकला, सम्मोपुर, अरैला, दरौरा, नगपुर, माहपुर सहित मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के कबीराबाद व फरीदपुर वार्ड की आबादी बिजली बंदी से बुरी तरह प्रभावित रही। शासन की ओर से रोस्टर अनुसार 18-20 घंटे आपूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन दिन में बिजली का कोई निश्चित समय नहीं रहने से किसान सिंचाई को लेकर सबसे ज्यादा परेशान हैं।
इस संबंध में एसडीओ कृष्णा यादव और जेई छोटेलाल ने बताया कि 33/11 केवी सब स्टेशन को जाने वाली लाइन क्यामपुर के पास टूट गई थी। सोमवार शाम को आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन क्लैम्प व तार फिर टूट जाने से समस्या दोबारा उत्पन्न हो गई। कर्मचारियों को लगाकर मंगलवार अपराह्न आपूर्ति बहाल करा दी गई है।


Post a Comment