मुहम्मदाबाद गोहना के व्यापारियों ने उठाई ‘व्यापारी कार्ड’ व ट्रेन ठहराव की मांग
करहां (मऊ) : भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय व्यापारी दिवस पर रविवार को नई दिल्ली में आयोजित व्यापारी महासम्मेलन में मुहम्मदाबाद गोहना के व्यापारियों ने विभिन्न मांगें उठाईं। व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को मांगपत्र सौंपकर किसानों की तर्ज पर व्यापारियों के लिए ‘व्यापारी कार्ड’ जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आग, बाढ़, पानी से नुकसान अथवा चोरी जैसी घटनाओं में व्यापारियों को आर्थिक सहायता और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही राज्यसभा सांसद साधना सिंह के समक्ष रेलवे से जुड़ी समस्याएं भी रखी गईं। व्यापारियों ने गरीब नवाज एक्सप्रेस का किशनगंज से न्यू जलपाईगुड़ी तक संचालन तथा मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त, जिला संरक्षक ईश्वर दयाल सिंह, अनमोल साहू, विनोद कुमार गुप्ता, सुधीर कुमार गुप्त, मोनू भारती, राजकुमार गुप्त व नीरज कुमार सिंह आदि शामिल थे।

Post a Comment