ट्रक की बैटरी चोरी, चालक ने दर्ज कराया केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के ग्राम राजापुर निवासी रविशंकर कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ट्रक चालक है। करीब 20 दिन पहले ट्रक को केशरी देवी फिलिंग स्टेशन, मुहम्मदाबाद गोहना के पास खड़ा कर घर चला गया था। आठ अगस्त को ट्रक के पास पहुंचने पर देखा कि उसकी बैटरी किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर ली है। चालक के अनुसार इससे पहले भी ट्रक की बैटरी चोरी हो चुकी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर खोजबीन शुरु की है।
बारजा निकालने के विवाद में महिला से मारपीट, पांच पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के सरयां, हलीमाबाद निवासी सोनी साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 15 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे पड़ोसी मगरु साहनी उर्फ मनोज साहनी, नमन साहनी, किरण, अनुष्का व चिंता निवासीगण सरयां ने उनकी जमीन पर जबरन बारजा निकालने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे सोनी के सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस शनिवार को केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
पुश्तैनी मकान में हिस्सा मांगने पर मारपीट व धमकी का आरोप
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के काजीपुर बस्ती निवासी अनिल कुमार जगदीश राय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पुश्तैनी जमीन व मकान में हिस्सा मांगने को लेकर उसके भाइयों उमेश चंद्र राय व शैलेश राय, शशिप्रकाश राय, सत्येंद्र राय, प्रशांत राय समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके और परिवार के साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना एक अगस्त को बंटवारे की बात को लेकर हुई। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कोतवाली पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
जमीन में निर्माण के विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की सुतरही निवासी पूनम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 27 जुलाई 2026 को पुश्तैनी जमीन में निर्माण कराने के दौरान मनीष कुमार, आरती, सविता निवासीगण सुतरही तथा अन्य लोग लाठी-डंडा व राड लेकर उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने पूनम व उसकी जेठानी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। पूनम के अनुसार घटना के समय वह करीब आठ माह की गर्भवती थी। उसने 112 पर सूचना देने के साथ ही थाने में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। एसपी के निर्देश पर उक्त आरोपितों के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच शुरु की है।





Post a Comment