नेशनल जूनियर रोइंग चैंपियनशिप में यश कुमार ने रजत पदक पर जमाया कब्जा
करहां (मऊ) : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित 45वीं नेशनल जूनियर रोइंग चैंपियनशिप में स्थानीय क्षेत्र के खिलाड़ी यश कुमार यादव ने अपने प्रदर्शन की चमक बिखेरी। हरियाणा टीम की ओर से खेलते हुए यश ने चार सदस्यीय रोइंग दल के साथ दूसरा सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल बीएससी बायो स्पोर्ट्स तथा ब्रॉन्ज मेडल एमपीआर की टीम को मिला।
स्थानीय क्षेत्र के चकौधी व सुहवल के मूल निवासी फौजी पिता विजय कुमार यादव और शिक्षिका माता सीमा यादव के पुत्र यश बचपन से ही खेलकूद में अग्रणी रहे हैं। हरियाणा में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने रोइंग की बारीकियां सीखीं और देखते ही देखते कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी पहचान बना ली।
भोपाल स्थित अप्पर लेक में हुए जेएम-4 इवेंट के फाइनल में यश और उनके साथी खिलाड़ी करण सहारन, अरमान लोहान व नितिन सेरावत ने शानदार तालमेल का परिचय देते हुए रजत पदक सुनिश्चित किया। यश की इस कामयाबी से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और परिचितों ने यश को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

Post a Comment