खेत देखने गए किसान को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद कोतवाली अन्तर्ग पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर रैकड़ मोड़ के पास सोमवार की सुबह 07 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय किसान की मौके पर ही जान चली गई। धान की फसल देखने निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया और चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। उन्हें एहतियात के लिए सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने भी जवाब देते हुए मृत बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन की तलाश शुरु कर दी है।
धान की फसल देखने गए थे खेत
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ही नोनियापुर गांव निवासी बेचू यादव चौहान (65) सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने घर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित धान के खेत पर फसल का मुआयना करने गए थे। इसी दौरान भुजही मोड़ की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बेचू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का एकमात्र सहारा छिना
स्थानीय ग्रामीणों से घटना की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि बेचू का इकलौता बेटा चंद्रभान दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि घर पर वृद्ध पत्नी और बहू ही रहती हैं। परिवार का पूरा गुजर-बसर खेती-किसानी के सहारे ही चलता था।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। सर्विस रोड और एक्सप्रेसवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक का सुराग लगाया जा रहा है।

Post a Comment