कोतवाली के सामने वाले मकान के पीछे कब्जे का आरोप
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय कस्बे में कोतवाली के ठीक सामने स्थित एक मकान की चारदीवारी गिराकर जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मकान मालिक ने आजमगढ़ जनपद के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव सहित तीन लोगों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है।
पीड़ित का आरोप है कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और असलहे के बल पर मकान की चारदीवारी गिरवा दी। इसके बाद दीवार गिराई गई भूमि पर तीन टीन शेड डलवाकर बगल में रहने वाले अपने परिचितों को कब्जा करा दिया गया। घटना के समय मकान मालिक बाहर थे और बाद में जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि मुहम्मदाबाद कस्बे में कोतवाली के सामने मिथिलेश सिंह उर्फ पप्पू तथा धीरेंद्र सिंह का मकान है। धीरेंद्र सिंह ए-ग्रेड के ठेकेदार हैं और वर्तमान में जनपद मुख्यालय पर निवास करते हैं। उनका कहना है कि उक्त भूमि पर पहले से बाउंड्री, टीन शेड और समरसेबल की बोरिंग मौजूद है। इस मामले में कोतवाल कमलकांत वर्मा ने बताया कि चारदीवारी गिराकर कब्जा किए जाने की तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Post a Comment