Top News

महिलाओं ने वित्तमंत्री से लगाई शिक्षा, सुरक्षा, स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता बढ़ाने की गुहार

महिलाओं ने वित्तमंत्री से लगाई शिक्षा, सुरक्षा, स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता बढ़ाने की गुहार

करहां (मऊ) : देशभर में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर वित्तमंत्री द्वारा शुरु की गई नई मुहिम को उत्तर प्रदेश की महिलाओं का समर्थन मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए सरकार से बजट में ठोस कदम उठाने की मांग की है। करहां परिक्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि नारी शक्ति को केवल योजना का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास का सक्रिय सहभागी बनाया जाए।

उन्होंने वित्तमंत्री की पहल को सराहते हुए अपनी आवश्यकताओं व सुझावों को विस्तार से रखा। महिलाओं का मत है कि सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार ये तीन स्तंभ ही नारी को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाते हैं। वित्तमंत्री द्वारा शुरु की जा रही इस मुहिम से महिलाओं को बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार इनके सुझावों को गंभीरता से लेते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए।

•ग्रामीण महिलाओं की सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा है।  गांव में महिला हेल्प डेस्क मजबूत हो, गश्त बढ़ाई जाए और सामुदायिक सुरक्षा समूहों को सक्रिय किया जाए। महिला सुरक्षित होगी तभी वह शिक्षा और रोजगार की ओर निश्चिंत होकर आगे बढ़ पाएगी।

अर्चना सिंह, काल सेंटर कर्मी, दरौरा

•गांवों की किशोरियों को उच्च शिक्षा हेतु बेहतर परिवहन व छात्रवृत्ति मिले। बहुत-सी प्रतिभाशाली लड़कियां केवल साधन न होने से पढ़ाई छोड़ देती हैं। सरकार महिला शिक्षा पर विशेष पैकेज लाए।

सुषमा यादव, अन्वी ब्यूटी पार्लर संचालिका, जमुई

•स्वरोजगार और कौशल विकास महिलाओं की वास्तविक उन्नति का माध्यम है। महिला समूहों को आसान ऋण, प्रशिक्षण और स्थानीय बाजार उपलब्ध कराया जाए। यदि गांव की महिला आर्थिक रूप से मजबूत होगी तो पूरा परिवार सशक्त होगा।

◆शकुंतला चौहान, व्यवसायी, माहपुर

•आत्मनिर्भरता योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और महिलाओं तक सीधा लाभ पहुंचाने की आवश्यकता है। महिला उद्यमियों के लिए पंचायत स्तर पर हेल्प सेंटर, डिजिटल प्रशिक्षण और विपणन की सुविधा अनिवार्य होनी चाहिए।

◆सुलेखा मौर्य, गृहणी, करहां

Post a Comment

Previous Post Next Post