अंसार क्लब करहां की वालीबाल प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ
ईदगाह मैदान में खेल का उत्सव, बंदीकला ने दर्ज की पहली जीत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव स्थित ईदगाह मैदान रविवार को खेल, जोश और आपसी सौहार्द का साक्षी बना, जब अंसार क्लब करहां की ओर से आयोजित वालीबाल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। खिलाड़ियों की चुस्ती, दर्शकों की तालियां और मैदान में गूंजते नारों के बीच उद्घाटन मुकाबले में इस्लामिया क्लब बंदीकला ने जामिया हमदर्द आतागंज को रोमांचक संघर्ष में 15-12 अंकों से मात देकर अगले चरण में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी डॉ. आफताब आलम गुड्डू ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए पहली सर्विस लगाई और कहा कि करहां की धरती गंगा-जमुनी तहज़ीब की पहचान है, जहां खेल के ज़रिये भाईचारे का संदेश दिया जाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश की करीब 24 प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं। जहांनागंज, आजमगढ़, मुहम्मदाबाद गोहना, मुबारकपुर, नेपाल, वाराणसी, चिरैयाकोट, फतेहपुर, बंदीकला व पड़री सहित कई क्षेत्रों से आई टीमों ने मैदान को जीवंत बना दिया है। सोमवार को अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। विजेता टीम को समापन समारोह में समाजसेवी विक्की वर्मा द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अब्दुल्ला उर्फ अफरोज अंसारी, उपाध्यक्ष मोहम्मद सादिक, जावेद अहमद, कमाल अंसारी, श्यामबिहारी जायसवाल, जुनैद, नियाज़ अंसारी, आसिफ, मंजर, अशोक कुमार, तौशीफ, शम्स आलम, रवि पासी, महेंद्र यादव, संतोष तोमर, इंद्रराज यादव, अजीजू, नूरेआलम, फरदीन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।



Post a Comment