नाई समाज ने श्रद्धा, स्मृति और संकल्प के साथ मनाई जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा क्षेत्र के रेलवे पूर्वी फाटक के समीप शनिवार को नाई समाज द्वारा भारत रत्न, जननायक कर्पूरी ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री बिहार की जयंती अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गयी। यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सादगी और संघर्ष के प्रतीक व्यक्तित्व को याद करने का अवसर बना। वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जनमानस के लिए आज भी प्रासंगिक बताते हुए उन्हें वंचितों और पिछड़ों की सशक्त आवाज़ कहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व आर्मी सूबेदार राधेश्याम रहे, जबकि समाजसेवी अबुलैस विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला संयोजक उमाशंकर ने जननायक के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान देने का कार्य किया। जिला प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष रामसरन चौहान तथा वरिष्ठ भाजपा नेता प्रद्युम्न प्रताप ने पुष्प अर्पित कर उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान किया। भाजपा प्रांतीय परिषद सदस्य इंद्रपाल राम ने भी कर्पूरी ठाकुर के विचारों को सामाजिक समरसता की धुरी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुलारे शर्मा ने की, जबकि संचालन लव शर्मा ने प्रभावशाली ढंग से किया। गायक-कवि अनिल चौधरी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को संवेदनशील और प्रेरणादायी बना दिया। समारोह में नाई समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यहाँ स्मृति ने श्रद्धा पाई, विचारों ने स्वर लिया और संकल्प ने भविष्य की दिशा तय की।




Post a Comment