Top News

दृष्टिकोण विकसित किए बिना अधूरी है शिक्षा : न्यायाधीश वायुनंदन मिश्र

दृष्टिकोण विकसित किए बिना अधूरी है शिक्षा : न्यायाधीश वायुनंदन मिश्र

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के सुरहुरपुर स्थित राजकुमारी विद्यावती शिक्षण संस्थान के अंतर्गत संचालित एपीबीपी स्मृति बालिका इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव रविवार की शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से आयोजित हुआ। नवरस पर आधारित विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों ने कार्यक्रम को खास बना दिया और छात्राओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि लखनऊ सीबीआई कोर्ट के जिला एवं सत्र न्यायाधीश वायुनंदन मिश्र ने कहा कि शिक्षा केवल विषयों के ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। त्रिकोण, समकोण और षटकोण जैसे विषयों को पढ़ना पर्याप्त नहीं है, जब तक शिक्षक विद्यार्थियों में सही सोच और दृष्टिकोण का विकास नहीं करते। उन्होंने विद्यालयों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए भारतीय शिक्षा पद्धति और संस्कारों को सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद स्वागत नृत्य, शास्त्रीय नृत्य तथा बंगाल, उड़ीसा, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। मोबाइल के दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव जैसे विषयों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं ने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। मार्शल आर्ट, देशभक्ति समूह नृत्य और पिरामिड प्रस्तुति भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

इस मौके पर मुख्य अतिथि वायुनंदन मिश्र, सभाध्यक्ष कोलकाता के वित्तीय सलाहकार पंकज तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि ब्राह्मण विकास परिषद के ब्लॉक अध्यक्ष प्रणव चतुर्वेदी ने कक्षा 6 से 12 तक के 34 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रभावती तिवारी एवं मां भगवता योग्यता छात्रवृत्ति के तहत सम्मानित करते हुए प्रमाणपत्र और चेक प्रदान किए। साथ ही पर्यावरण एवं जल संरक्षण में सराहनीय योगदान देने वाले मंडल के 11 पर्यावरण मित्रों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। प्रधानाचार्य रेनुलता पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्रबंधक अशीत कुमार पाठक एडवोकेट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन कुंवर अजीत प्रताप सिंह ने किया।

इस दौरान सुधाकर राय, धर्मदेव यादव, सुरजीत राय, मोहित भारद्वाज, चंदन उपाध्याय, अभिषेक यादव, विशाल गुप्ता, साक्षी पाठक, रामसमुझ यादव, दुर्गाशंकर पांडेय, सच्चितानंद चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post