हाईवे पर जमीन दिलाने के नाम पर 50 हजार की साइबर ठगी, पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस
करहां (मऊ) : जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाईवे पर जमीन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों द्वारा हड़पे गए 50 हजार रुपये पीड़िता के खाते में वापस करा दिए गए। पीड़ित परिवार ने इसके लिए रानीपुर पुलिस व साईबर टीम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में साइबर ठगी के प्रति सचेत रहने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, फतेहपुर निवासी निशा गुप्ता, पत्नी धीरेन्द्र प्रसाद साहू, थाना रानीपुर ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने हाईवे पर जमीन दिलाने का लालच देकर उनके बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली और खाते से 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पाण्डेय तथा प्रभारी निरीक्षक रानीपुर प्रमोद कुमार के निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम के प्रयास से ठगी गई पूरी 50 हजार रुपये की राशि होल्ड कराकर 28 जून 2026 को पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने मऊ पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Post a Comment