मोहर्रम की 9वीं पर करहां में निकला ऐतिहासिक ताजिया जुलूस, अकीदत के साथ हुआ मातम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय करहां गांव के सोरही में मोहर्रम की 9वीं तारीख पर गुरुवार देर रात हजरत इमाम हुसैन की याद में पारंपरिक ताजिया जुलूस अकीदत और श्रद्धा के साथ निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए और या हुसैन के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जुलूस जोगी टोला से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आतागंज मोहल्ला पहुंचा, जहां पारंपरिक चौतरे पर ताजिया रखा गया। इस दौरान अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को याद करते हुए जंजीरी मातम किया। वहीं देर रात निकले विशाल ताजिया जुलूस का मुख्य आकर्षण पारंपरिक आग का मातम रहा, जिसे देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से सभी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। धार्मिक आस्था और भाईचारे का संदेश देते हुए मोहर्रम का यह आयोजन श्रद्धा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



Post a Comment