अज्ञात कारणों से लगी आग में छह बीघा गन्ने की फसल नष्ट, नहीं पहुंचा दमकल
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के ओटनी गांव में शनिवार दोपहर बाद 03 बजे गन्ने के खेत में लगी आग ने किसान हरिश्चंद्र यादव की छह बीघा फसल को नष्ट कर दिया। करहां-जहनागंज मार्ग किनारे स्थित खेत में अज्ञात कारणों से आग लगी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। खेती पर निर्भर किसान को लाखों रुपये की क्षति हुई है। आशंका जताई जा रही है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी आग का कारण हो सकती है।
आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। किसान परिजनों और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुटे, वहीं पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अग्निशमन वाहन करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे तक भी नहीं पहुंच सका। तब तक पूरी फसल जल चुकी थी और आग स्वतः बुझ गई। ग्रामीणों का कहना था कि घटनास्थल से मुहम्मदाबाद गोहना अग्निशमन केंद्र की दूरी करीब 11 किलोमीटर होने के बावजूद दमकल के देर से पहुंचने से नुकसान को कम करने का अवसर नहीं मिल सका।
घटना की जानकारी पर क्षेत्रीय लेखपाल शिशिर सरोज ने मौके पर पहुंचकर क्षति का जायजा लिया और सहायता के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दमकल के विलंब से पहुंचने पर किसान व ग्रामीणों में नाराजगी रही। उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि अग्निकांड की जांच कराई जाएगी। नुकसान का आकलन होने के बाद पीड़ित किसान को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




Post a Comment