Top News

रोजगार सेवकों के समर्थन में ग्राम प्रशासकों ने कार्य बहिष्कार का लिया निर्णय

रोजगार सेवकों के समर्थन में ग्राम प्रशासकों ने कार्य बहिष्कार का लिया निर्णय

करहां (मऊ) : ग्राम रोजगार सेवकों के आंदोलन को समर्थन देते हुए ग्राम प्रशासकों ने भी वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को ग्राम प्रशासक संघ के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अध्यक्ष नौशाद अहमद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी रवि कुमार को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायतों में योजना के तहत कार्य नहीं कराने की सूचना दी।

ग्राम प्रशासकों ने कहा कि रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय वृद्धि, समय से भुगतान तथा अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। लखनऊ में शासन स्तर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में ग्राम प्रशासक भी एकजुट हुए हैं। मांगों के समाधान तक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया गया है। शासन की ओर से 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह चलाकर श्रमिकों को अधिकाधिक काम उपलब्ध कराने की पहल के बीच इस निर्णय से पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित होने के आसार हैं।

खंड विकास अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि रोजगार सेवकों की हड़ताल के चलते पहले से ही ग्राम पंचायतों में कामकाज प्रभावित है। ग्राम प्रशासकों के समर्थन में उतरने से कार्य संचालन में और कठिनाई होगी। ज्ञापन देने वालों में नौशाद अहमद सरयां, जितेंद्र कुमार दाउदपुर, सुमन देवी हाफिजपुर, संजय कुमार खालिसा, दिव्या भारती दतौली, अबरार अहमद भातकोल, विमला देवी चेरुईडीह, वीरेंद्र कुमार राजभर देवसीपुर, प्रमोद कुमार यादव ओटनी और धीरेंद्र प्रताप खरवार चकजाफरी सहित अन्य ग्राम प्रशासक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post