तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से महिला की मौत, केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के एकडंगी माल सुबाष नगर तिराहा के पास शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि तेज रफ्तार निजी लोडर डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर संबंधित आरोपितों पर केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोठिया निवासी हरिनाथ ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी भाई की पत्नी निर्मला देवी पत्नी रामजनम रामनगर मोड़, बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान राकेश यादव पुत्र हरिनाथ यादव ग्राम वलीदपुर, परासखाड़ के ट्रैक्टर डंपर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष के लोग पहले से ही गांव में जेसीबी और ट्रैक्टर संचालन से जुड़े रहे हैं तथा तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर ग्रामीणों द्वारा पहले भी विरोध किया गया था। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगई और धमकी भी दी जाती रही है।
परिजनों ने आरोपियों पर गंभीर लापरवाही, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और जानलेवा टक्कर का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी आशंका जताई गई है कि भविष्य में भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Post a Comment