करहां (मऊ) : घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे नाले में मिले सिर कटे शव की पहचान मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सद्धोपुर निवासी सुभाष पुत्र विक्रम बांसफोर के रुप में हुई है। पहचान होने के बाद मृतक के स्वजन घोसी कोतवाली पहुंचे। घटना को लेकर पुलिस हत्या की आशंका के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि मंगलवार को हाईवे किनारे नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला था। शव से करीब 25 मीटर दूर झाड़ियों में उसका सिर भी बरामद हुआ। सूचना पर घोसी पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। मौके से मृतक का कृत्रिम (प्लास्टिक) का दाहिना पैर, बाएं हाथ में घड़ी तथा अन्य सामान भी मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पहचान के बाद सामने आया कि सुभाष कुछ दिन पहले घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे थे। परिजनों के अनुसार वह बीते 27 जून को अपनी पत्नी के मायके क्षेत्र गए थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। प्रारंभिक जांच में शव लगभग एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि सुभाष की हत्या कहीं और करने के बाद शव को हाईवे किनारे नाले में फेंका गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपितों की तलाश में जुटी है।


Post a Comment