जर्जर सड़क पर गहरे गड्ढे बने मुसीबत, राहगीरों की जान जोखिम में
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के वार्ड नंबर 10 कबीराबाद में पब्लिक बालिका इंटर कालेज से फ्राइडे स्कूल तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के चलते इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हर कदम पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हाल ही में इसी मार्ग पर स्कूटी का पहिया गड्ढे में पड़ने से चार वर्षीय अब्बास घायल हो गया।
स्थानीय लोगों राजू उस्मानी, डाक्टर राजू, जहीरुद्दीन, पप्पू, वसीम खां समेत अन्य लोगों ने बताया कि यह मार्ग पब्लिक बालिका इंटर कालेज की छात्राओं के साथ ही आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।


Post a Comment