माउंट कुन की चोटी पर लहराया तिरंगा, अनंत सिंह ने बढ़ाया मऊ का मान

माउंट कुन की चोटी पर लहराया तिरंगा, अनंत सिंह ने बढ़ाया मऊ का मान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के बरसवां गांव निवासी युवा पर्वतारोही एवं पर्वतारोहण प्रशिक्षक अनंत सिंह ने लद्दाख की 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर तिरंगा फहराकर जिले का नाम रोशन किया है। 22 अगस्त को उन्होंने 13 सदस्यीय जर्मन पर्वतारोहण दल के साथ यह कठिन अभियान पूरा किया। दल के नौ सदस्य शिखर तक पहुंचने में सफल रहे। अभियान के दौरान अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं, कम ऑक्सीजन और तकनीकी बर्फीली चढ़ाई ने पर्वतारोहियों की कड़ी परीक्षा ली।

माउंट कुन के आरोहण के दौरान ग्लेशियर और कठिन तकनीकी हिस्सों को पार करने के लिए क्रैम्पॉन, रस्सियों और अन्य पर्वतारोहण उपकरणों का सहारा लेना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद अनंत सिंह ने धैर्य और सावधानी के साथ शिखर तक पहुंच बनाई। तिरंगा फहराने के बाद वह उसी दिन सुरक्षित बेस कैंप लौट आए। हालांकि वापसी के दौरान उनके पैर के अंगूठे में फ्रॉस्टबाइट के शुरुआती लक्षण दिखाई दिए, जिससे अभियान की चुनौती और बढ़ गई।

अनंत सिंह इससे पहले कांग यत्से-2 समेत एक दर्जन से अधिक हिमालयी अभियानों का अनुभव हासिल कर चुके हैं। वह पर्वतारोहण प्रशिक्षक के साथ ही स्कीइंग तथा माउंटेन सर्च एंड रेस्क्यू में भी प्रशिक्षित हैं। उनके अनुसार पर्वतारोहण में केवल शिखर तक पहुंचना ही सफलता नहीं है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेते हुए सुरक्षित वापस लौटना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

माउंट कुन अभियान की सफलता से बरसवां सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। अनंत सिंह ने अपनी इस उपलब्धि को मऊ, बरसवां और प्रदेश के युवाओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि कठिनाइयों के बीच लक्ष्य पर केंद्रित रहना, अनुशासन बनाए रखना और परिस्थितियों के अनुसार सही निर्णय लेना ही सफलता की राह है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post