श्रावण में जाम से निजात और स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की उठी मांग
करहां, मऊ। स्थानीय बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में रविवार को व्यापार मंडल की बैठक अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। इसमें श्रावण मास में बढ़ने वाली भीड़, करहां चौक पर जाम, कांवर यात्रियों की सुविधा और व्यापारियों पर कथित रुप से जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
व्यापारियों ने कहा कि श्रावण में शिव मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कांवरिए पहुंचते हैं। मंदिर के समीप करहां चौक पर बस, टैक्सी, टेंपो व ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने से दिनभर जाम की स्थिति रहती है। पुलिस चौकी होने के बावजूद यातायात व्यवस्था प्रभावी नहीं है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने, चौक से अवैध वाहन स्टैंड हटाने तथा बस, टेंपो व ई-रिक्शा के लिए अलग स्थान निर्धारित करने की मांग की।
बैठक में स्मार्ट मीटर का मुद्दा भी उठा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रोक के बावजूद कुछ अधिकारी-कर्मचारी उन पर जबरन स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जबरन कार्रवाई बंद नहीं हुई तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा। इस दौरान विनोद यादव, राजेश यादव, संतोष साह, एनामुलहक, गौतम सैनी, सुरेश वर्मा, मनोज कुमार, अकमल, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

Post a Comment