योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही लक्ष्य : छोटू प्रसाद
करहां (मऊ) : सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ब्लाक सभागार मुहम्मदाबाद गोहना में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता छोटू प्रसाद ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरुरतमंदों तक पहुंचेगा। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आवास, स्वास्थ्य, पेंशन, खाद्यान्न और रोजगार सहित विभिन्न योजनाओं से ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी दी गई।
बीडीओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ब्लाक कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई होती है। इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याएं रख सकते हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


Post a Comment