अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : रामसरन चौहान
•ब्लाक परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ कार्यक्रम
•जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु विभिन्न विभागों के लगे स्टाल
करहां (मऊ) : सेवा संकल्प अभियान के तहत जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक परिसर में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, पिछड़े व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। आवास, शौचालय, राशन, स्वास्थ्य, पेंशन, स्वरोजगार और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। वस्तुतः समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी सभी योजनाओं का लाभ पा रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित सड़कों के विकास से आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से पात्र योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य त्रिभुवन प्रसाद ने योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने श्रमिकों से जाब कार्ड की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए आवास, शौचालय और पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकास खंड कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई होती है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, खाद्य एवं रसद, पंचायती राज, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा और पशुपालन विभाग के स्टालों पर निश्शुल्क जांच-दवा, नंदिनी योजना, पोषण, राशन कार्ड, पेंशन और स्वरोजगार संबंधी जानकारी दी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना के विद्यार्थियों ने स्वच्छता, ग्लोबल वार्मिंग, योगासन, वायुमंडल की परतों और व्याकरण से संबंधित माडल व पोस्टर प्रदर्शित किए। इस दौरान ठाकुर प्रसाद सिंह अर्चना गुप्ता, नंदिनी शर्मा, शिवम गुप्ता, संगम सोनकर सहित सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।










Post a Comment