अर्नब तूफान ने मचाई तबाही, पेड़, घर, खंभे, तार गिरे, बिजली गुल
•कहीं मकान धराशायी तो कहीं टिनशेड उड़े
•धान की फसलें गिरी, खंभे व तार भी धराशायी
•कई परिवारों के सामने रहने का संकट
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के विभिन्न बाजारों और गांवों में शुक्रवार की रात से शनिवार तक अर्नब तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवा और बारिश के चलते जगह-जगह पेड़ उखड़कर मकानों पर गिर गए। कच्चे मकान और टिनशेड धराशायी हो गए, वहीं बिजली के तार और खंभे टूटने से शुक्रवार दोपहर से ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
करहां में शिवधनी मद्धेशिया की दुकान का टिनशेड उड़ गया। भैसहा-मालव में भोभल चौहान का कच्चा व जर्जर मकान धराशायी हो गया, उसका मलबा पड़ोसी मनीष चौहान के घर पर गिरने से दोनो का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे उनके सामने रहने का संकट उत्पन्न हो गया है। पीड़ित परिवार ने ग्राम प्रधान व तहसील प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
माहपुर में रामू चौहान के मकान पर जामुन का पेड़ गिरने से गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया और पशु घायल हो गए। इनकी माली हालत ठीक नहीं है। इनके सामने रहने का संकट उत्पन्न हो गया है और काफी नुकसान भी हुआ है।
भांटीकला में सत्यनारायण सिंह के पक्के मकान पर पेड़ गिरने से छज्जा टूट गया, जबकि विकास सिंह के घर पर पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों व ग्रामीणों ने डालियां काटकर मकान को सुरक्षित करने का कार्य किया।
दरौरा में सागौन का पेड़ गिरने से विद्युत केबल टूट गई, वहीं खेतों में धान की तैयार फसल गिरकर बर्बाद हो गई। शमशाबाद, माहपुर और सरैया में आम व नीम के पेड़ जड़ सहित उखड़ गए। हैहासपुर और घुटमा के बीच एलटी लाइन के तार टूटकर गिर गए हैं।
शनिवार दोपहर भैसहा गांव के रामबृक्ष विश्वकर्मा की झोपड़ी पर पेड़ गिर गया। उसमें उस समय चार-पांच लोग बैठे थे। इसमें 26 वर्षीय लड़की अंकिता विश्वकर्मा घायल हो गयी जिसका इलाज करहां स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं एक बाइक भी क्षतिग्रस्त गो गयी।
मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर नेवादा पुलिया के पास सड़क पर विद्युत खंभा गिर गया। इसकी वजह से सड़क पर खंभा, केबल व पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।
दपेहड़ी में हसीना खातून व याकूबपुर में विश्राम चौहान के घर पर यूकोलिप्टस का विशाल पेड़ गिर गया। हसीना का कच्चा मकान व करकट जहां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं विश्राम चौहान का शौचालय व पक्का मकान टूट गया।
तूफान से क्षेत्र में जगह-जगह हुए नुकसान के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई परिवारों के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई है, वहीं बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को पीने के पानी, रात में रौशनी व मोबाइल चार्जिंग की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।





















Post a Comment