एक्सप्रेसवे की कैंटीन में विवाद, डीसीएम चालक से मारपीट का आरोप
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 269 किलोमीटर के पास स्थित कैंटीन में वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में डीसीएम चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने बागपत के टिकरी निवासी अशोक कुमार की तहरीर पर कैंटीन कर्मी कुलदीप जायसवाल, संतोष कुमार सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के मुताबिक तीन सितंबर की रात करीब नौ बजे अशोक कैंटीन के पास चाय-नाश्ते के लिए वाहन रोक रहा था। इसी दौरान डीसीएम का टीन शेड से मामूली संपर्क हो गया। आरोप है कि इस बात पर कैंटीन कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और विरोध करने पर धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-----
प्रेम विवाह के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी, पति पर केस
करहां (मऊ) : प्रेम विवाह के बाद पत्नी के निजी फोटो-वीडियो बनाकर कथित रुप से ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सैदपुर सुरहुरपुर निवासी 20 वर्षीय युवती ने चिरैयाकोट क्षेत्र के कमथरी नूरपुर निवासी प्रवीण कुमार पर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार दोनों ने 23 जुलाई 2024 को प्रयागराज स्थित आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। आरोप है कि इसके बाद पति उसे हरियाणा के यमुनानगर ले गया, जहां उसके निजी पलों का फोटो-वीडियो बनाया। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर मारपीट करने तथा गर्भावस्था के दौरान भी उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश से केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
---------------------------------
पुरानी रंजिश में घर पर हमला, महिला समेत बच्चों से मारपीट का आरोप
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के वलीदपुर नयापुरा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और आभूषण छीनने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले में सात नामजद और छह अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।
वादी लीला देवी का आरोप है कि 23 फरवरी की शाम आरोपी लाठी-डंडों के साथ उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान उसके गले से चांदी की माला छीन ली गई। जान बचाकर घर में जाने पर आरोपितों ने बेटे अंश तथा बेटियों खुशी व खुशबू के साथ भी मारपीट की। घर के बाहर खड़ी पांच मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
----------------------------------
ताला तोड़कर घर में चोरी, जेवरात और नकदी ले गए चोर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सोहराबपुर गांव में चोरों ने रात के समय मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित बाबूराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित के अनुसार तीन सितंबर की रात करीब दो बजे चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।






Post a Comment