विद्यालयों में हिंदी पखवाड़े के तहत हुई विविध गतिविधियां
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़े के तहत विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, अनुराग एवं अभिव्यक्ति-कौशल विकसित करने के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विभाग के निर्देश पर एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने प्राथमिक विद्यालय प्रधानपुर व प्राथमिक विद्यालय सरयां का सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। प्रधानपुर में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ कर विद्यार्थियों से हिंदी दिवस के महत्व पर संवाद किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पाठ्यपुस्तकों से कविताओं, कहानियों व लेखों का उत्साहपूर्वक वाचन किया। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए शैक्षिक सामग्री भी वितरित की गई। सरयां विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र राम ने कार्यक्रम की पूर्व तैयारी एवं साज-सज्जा की थी। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के बाद विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के महत्व पर संवाद किया गया तथा बच्चों ने विभिन्न रचनाओं का भावपूर्ण वाचन प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों के आग्रह पर एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने जयशंकर प्रसाद की रचना ‘विमल इन्दु की विशाल किरणें’ का पाठ किया, जिसे बच्चों ने उत्साह से सुना। कार्यक्रम में प्रधानपुर में मुहम्मद अजमल, प्रमिला देवी तथा सरयां में सलाहुद्दीन अहमद, बिंदु कुमारी, गीता देवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि कविता-पाठ, कहानी-वाचन, लेखन और संवाद जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में पठन-प्रवाह, सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल का विकास होता है।



Post a Comment