चकमार्ग हेतु सीमांकित पत्थर उखाड़े, की गई शिकायत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के इसहाकपुर गांव में चकमार्ग की भूमि के सीमांकन के लिए लगाए गए पत्थरों को अज्ञात लोगों द्वारा उखाड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। गांव निवासी रमाशंकर यादव ने मुख्य राजस्व अधिकारी सीआरओ व उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार भूमि व चकमार्ग को लेकर महेश आदि से विवाद चल रहा था। उपजिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम ने नौ जून को चकमार्ग व नाली खाते की भूमि की पैमाइश कर चार सीमांकन पत्थर लगाए थे।
ग्रामीण का आरोप है कि चकमार्ग पर निर्माण के लिए कई बार तहसील व थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बाद खंड विकास अधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर कार्य शुरु कराने का आश्वासन दिया था लेकिन निर्माण नहीं हो सका। 28 सितंबर को चारों सीमांकन पत्थर उखाड़कर फेंक दिए गए। इससे चकमार्ग पर मिट्टी कार्य प्रभावित होने तथा आवागमन में परेशानी की आशंका जताते हुए उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और चकमार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में बीडीओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बरसात बाद इसपर काम कराया जाएगा।


Post a Comment