पशुपालक सरकारी योजनाओं का उठाएं लाभ, बढ़ाएं आय : रामसरन चौहान
•गौपूजन के साथ शुरु हुआ पशु आरोग्य मेला
•279 पशुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
•विभागीय सुविधाओं की दी गयी जानकारी
करहां (मऊ) मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के खुशामदपुर में गुरुवार को राजकीय पशु चिकित्सालय मुहम्मदाबाद गोहना के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष रामसरन चौहान तथा विशिष्ट अतिथि त्रिभुवन प्रसाद ने गौपूजन कर एवं फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि रामसरन चौहान ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। पशुपालक सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और परिवार आर्थिक रूप से समृद्ध बने। विशिष्ट अतिथि त्रिभुवन प्रसाद ने पशुओं की बेहतर देखभाल तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर जोर दिया।
पशु चिकित्साधिकारी धौरहरा डा. राजेश कुमार यादव ने नंद बाबा दुग्ध मिशन की नंदिनी कृषक समृद्धि एवं मिनी नंदिनी योजना, पशुधन बीमा तथा मुख्यमंत्री सहभागिता योजना सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना डा. संजय सिंह ने पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित आहार एवं बेहतर पशुधन प्रबंधन के बारे में बताया। उन्होंने थनैला, गलाघोंटू, लम्पी, खुरपका-मुंहपका जैसे रोगों से बचाव के उपाय बताते हुए समय से टीकाकरण कराने की अपील की।
मेले में कुल 279 पशुओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। इस दौरान पशु चिकित्सा कर्मी श्याम सुंदर सोनकर, सुभाष यादव, भोनू राम, जितेंद्र नाथ राय, अब्दुल रहमान, संदीप सिंह सहित पैरावेट्स तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे।




Post a Comment